प्रेम संबंध के विवाद में 18 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर घायल
नई टिहरी (लंबगांव): उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर स्थित खोलगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले में युवक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है।
रातभर लहूलुहान हालत में पड़े रहे दोनों युवक
मृतक युवक की पहचान प्रतापनगर के देवल गांव निवासी कीर्तन के रूप में हुई है। पीड़ित पिता धनपाल लाल ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके बेटे कीर्तन को खोलगढ़ गांव की एक युवती के फोन से कॉल करके बुलाया गया था। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ मिलकर कीर्तन और उसके दोस्त दिवाकर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना खौफनाक था कि दोनों युवक रातभर लहूलुहान हालत में मौके पर ही पड़े रहे।
सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो परिजनों को सूचित किया। परिजन आनन-फानन में कीर्तन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौंड ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर कर दिया गया है।
परिजनों ने शव उठाने से किया इन्कार
घटना से गुस्साए परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर मृतक कीर्तन का शव उठाने से साफ इन्कार कर दिया है। वर्तमान में शव को सीएचसी लंबगांव में रखा गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऑनर किलिंग के इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
