क्राइम

जेसीबी मशीन के नाम पर 98 लाख रुपये की धोखाधड़ी, देहरादून पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बैंक लोन दिलाने के नाम पर महिला के दस्तावेजों का किया दुरुपयोग, फर्जी जेसीबी मशीनों की निकासी दिखाकर लगाया चूना

देहरादून। जेसीबी मशीन खरीदने के लिए बैंक से लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में रायपुर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 98 लाख रुपये का बैंक लोन लेने और फर्जी जेसीबी मशीनों की निकासी दिखाकर खुद को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को रायपुर थाना क्षेत्र के बोगन विला, किदुवाला निवासी महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि रतीश चंद्रा उर्फ रितेश चंद्रा पुत्र गिरीश बाबू ने उनके दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 98 लाख रुपये का लोन लिया। इसके बाद अपनी कंपनी यूनिटेक के माध्यम से फर्जी जेसीबी मशीनों की निकासी दर्शाकर उनके साथ धोखाधड़ी की।

महिला की शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 के तहत धारा 420 और 406 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान आरोपी बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित नहीं हुआ और जांच में भी सहयोग नहीं कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रतीश चंद्रा (43 वर्ष) पुत्र गिरीश बाबू को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त: रतीश चंद्रा पुत्र गिरीश बाबू, उम्र 43 वर्ष, निवासी विकासनगर फेज-2, यूनियन बैंक के पास, कुसुमखेड़ा, मुखानी, हल्द्वानी।

पुलिस टीम:

उपनिरीक्षक अजय भट्ट

हेड कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह