काम न करने और लोन की किस्त को लेकर हुआ विवाद,जीजा ने साले को छुरी से गोदा; हत्या के बाद घर में ही बैठा रहा आरोपी
किरतपुर (बिजनौर): उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के किरतपुर क्षेत्र अंतर्गत भनेड़ा गांव से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार देर रात एक शख्स ने अपने ही सगे साले की छुरी से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद भी आरोपी जीजा मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि पूरी रात ससुराल में ही बैठा रहा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, भनेड़ा गांव के रहने वाले 22 वर्षीय सचिन का अपने जीजा शील गंगे (निवासी रामपुर, कोतवाली देहात) के साथ विवाद चल रहा था। दरअसल, शील गंगे पिछले दो साल से अपनी पत्नी जूली के साथ ससुराल में ही रह रहा था। जूली बिजनौर की एक पटाखा फैक्ट्री में काम करती थी और उसने महिला स्वयं सहायता समूह से लोन (उधार रुपए) ले रखा था, जिसकी किस्त जमा होनी थी। शील गंगे कोई काम-धंधा नहीं करता था, जिसे लेकर सचिन और उसके बड़े भाई बिट्टू ने नाराजगी जताई थी कि ‘अगर काम नहीं करोगे, तो समूह की किस्त कैसे जमा होगी?’ इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी।
विवाद के बाद मामला शांत होने पर सचिन घर की छत पर जाकर सो गया था। लेकिन आरोपी शील गंगे के सिर पर खून सवार था। रात करीब दो बजे वह चुपके से हाथ में छुरी लेकर छत पर पहुंचा और सो रहे सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अत्यधिक खून बहने के कारण सचिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी शील गंगे को घर से ही हिरासत में ले लिया। मृतक की मां सावित्री देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शील गंगे और उसके भाई शेर सिंह के खिलाफ हत्या और साजिश रचने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शेर सिंह पर अपने भाई शील गंगे को हत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
